अधिकमास की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, पैदल गोवर्धन परिक्रमा कर परखी व्यवस्थाएं।

Spread the love

मथुरा। पावन अधिकमास के दृष्टिगत श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वयं पैदल परिक्रमा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, सड़क मार्ग, भंडारों एवं भोजन व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकमास के दौरान ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होती है। गोवर्धन परिक्रमा के साथ-साथ ब्रज 84 कोस परिक्रमा, वृंदावन परिक्रमा, बरसाना परिक्रमा और मथुरा परिक्रमा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि पावन अधिकमास 15 जून 2026 तक रहेगा, जिसके दौरान ब्रज क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *