‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने किया वृक्षारोपण।

Spread the love

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में रोपे गए पीपल, पाकड़, बरगद और मौलश्री के पौधे

मथुरा। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में वृक्षारोपण किया। उन्होंने अपनी माता श्रीमती कांता भंसाली के सम्मान में पौधा रोपकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने पीपल एवं पाकड़ के पौधे लगाए। वहीं श्रीमती शीतल भंसाली ने मौलश्री और बरगद के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर जिला जज विकास कुमार ने भी पाकड़ का पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का आधार भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वेंकट श्रीकर पटेल एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) नंद प्रकाश मौर्य सहित वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *