•फरह क्षेत्र में रोडवेज बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, जिला अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों ने जाना घायलों का हालचाल
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र में रोडवेज बस के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने की घटना में घायल हुए यात्रियों का हालचाल जानने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की।


इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चिकित्सकों से प्रत्येक घायल की स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भी घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जिला प्रशासन द्वारा दुर्घटना में प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।