रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पूर्व कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को अपने परिवार सहित पावन ब्रजधाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और गोकुल के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।




ब्रज प्रवास के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने सबसे पहले मथुरा स्थित पावन विश्राम घाट पर यमुना महारानी का दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने राष्ट्र की उन्नति, किसानों की समृद्धि तथा समाज में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने श्री द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर भगवान द्वारकाधीश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके उपरांत वह गोवर्धन पहुंचे, जहां मुखारविंद जतीपुरा में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की। साथ ही मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र जी महाराज से चंद्रोदय गौशाला में आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने ब्रजभूमि की दिव्यता और सनातन संस्कृति की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रज की पावन धरा विश्व को आध्यात्मिक चेतना और भारतीय संस्कृति का संदेश देती है।
ब्रज भ्रमण के दौरान उन्होंने गोकुल एवं वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भी दर्शन कर ठाकुरजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने ब्रज की धार्मिक परंपराओं, संत संस्कृति और यहां की भक्ति भावना की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बताया।
अपने प्रवास के दौरान विजय कुमार सिन्हा तटिया स्थान भी पहुंचे, जहां उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आध्यात्मिक चर्चा में सहभागिता की। वहीं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विपुल पाठक, पंकज चतुर्वेदी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंडित श्याम शर्मा, अंशुमान चतुर्वेदी, श्रीकृष्ण चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।