मिश्रिख में सिविल कोर्ट संचालन की मांग तेज, अधिवक्ताओं ने मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन।

Spread the love

सीतापुर। तहसील मिश्रिख में निर्मित सिविल कोर्ट का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर मिश्रिख लॉयर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जनप्रतिनिधियों को सौंपा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही तथा विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान को यह मांगपत्र दिया गया।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील मिश्रिख में सिविल कोर्ट की स्थापना से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। कोर्ट भवन एवं कार्यालय का निर्माण जुलाई 2023 में निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो चुका है। इसके बाद कोर्ट कक्ष की चाबी भी जुलाई 2023 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सीतापुर को सौंप दी गई थी।

अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायाधीश कक्ष, कार्यालय भवन, फर्नीचर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण हैं, इसके बावजूद अभी तक न्यायिक कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने मांग की कि सिविल कोर्ट में शीघ्र पीठासीन अधिकारी एवं आवश्यक न्यायिक स्टाफ की नियुक्ति कर न्यायालय का संचालन प्रारंभ कराया जाए, जिससे क्षेत्र के वादकारियों को स्थानीय स्तर पर सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके।

इस अवसर पर मिश्रिख लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय सहाय, महासचिव सुधीर शुक्ल राना, सौरभ सक्सेना, सुधीर शर्मा, अंजुल पाण्डेय, नरेंद्र प्रताप सिंह, श्रवण चौधरी, रामनरेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *