पूर्वांचल का पहला ओडीओपी सीएफसी बनेगा महराजगंज में, लकड़ी फर्नीचर उद्योग को मिलेगा नया आयाम।

Spread the love

महराजगंज। जनपद में लकड़ी फर्नीचर उद्योग को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को विकास खंड घुघुली के ग्राम रामपुर बल्डीहा में निर्माणाधीन एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना जनपद के प्रमुख ओडीओपी उत्पाद लकड़ी फर्नीचर को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित की जा रही है।

उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि केंद्र में वुड सीजनिंग एवं ट्रीटमेंट प्लांट, आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट, सीएनसी बोरिंग मशीन, पैनल सॉ, हाइड्रोलिक प्रेस, एयर कम्प्रेसर तथा डिजाइनिंग सेंटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। इन संसाधनों से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि पूर्वांचल क्षेत्र में अपनी तरह का यह पहला ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र होगा, जहां लकड़ी फर्नीचर उद्योग से जुड़े उद्यमियों को साझा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकांश मशीनों की स्थापना पूरी हो चुकी है, जबकि बॉयलर एवं ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना शेष है।

जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर अवशेष मशीनों की स्थापना कराई जाए और केंद्र का संचालन समयबद्ध रूप से शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमियों को दी जाने वाली सेवाओं के शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए ताकि संचालन में कोई बाधा न आए।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएफसी के माध्यम से लकड़ी फर्नीचर व्यवसाय, सेवा एवं उद्योग से जुड़े उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण लकड़ी किफायती दरों पर उपलब्ध होगी, जिससे जनपद में लकड़ी उद्योग की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, एसी उद्योग राकेश जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *