
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले की कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में काउंटिंग के पहले राउंड से ही भारतीय जनता पार्टी ने जीत की लय पकड़ ली थी। समाजवादी पार्टी के सांसद लालजी वर्मा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली टांडा ब्लॉक में मतों की काउंटिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशी धर्मराज ने बढ़त बना ली थी।
सुबह दस बजे के पहले ही लालजी वर्मा ने अपने करीबियों को संकेत दे दिया कि वह चुनाव हार चुके हैं।ऐसा ही हुआ।बीच के कुछ चरण में सपा ने बढ़त जरूर बनाई,लेकिन कटेहरी और भीटी ब्लॉक में मतों की काउंटिंग शुरू होते ही भाजपा की जीत का दायरा गगन छूने लगा।
कटेहरी विधानसभा की मतों की काउंटिंग टांडा ब्लाॅक से शुरू हुई।ये सपा सांसद लालजी वर्मा का गृह क्षेत्र है।यहां लालजी वर्मा की पकड़ मजबूत मानी जाती है।विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में लालजी वर्मा जीत का बड़ा आधार टांडा ब्लॉक से मिलने वाली बड़ी लीड होती आई है,लेकिन उपचुनाव में ऐसा नहीं हुआ।
पहले राउंड से ही भाजपा ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। इसके बाद चरण दर चरण भाजपा आगे ही बढ़ती गई। दूसरे राउंड तक भाजपा की बढ़त एक हजार मत से ज्यादा हो चुकी थी। तीसरे राउंड में भाजपा थोड़ा कमजोर पड़ी, तो चौथे राउंड में सपा ने पांच सौ से अधिक मतों के अंतर से लीड ले लिया। सातवें राउंड तक सपा की बढ़त तीन हजार मतों से अधिक हो गई थी। दस राउंड होने तक सपा आगे रही, लेकिन बढ़त का अंतर घटकर डेढ़ हजार करीब रह गया। 11वें राउंड में सपा की कुल बढ़त मात्र 766 रह गई। इसके बाद भाजपा ने निर्णायक बढ़त बनानी शुरू कर दी। 12वें राउंड में भाजपा को एक हजार वोट से अधिक की लीड मिल गई। इसके बाद से भाजपा प्रत्याशी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। चरण दर चरण वोटों का अंतर बढ़ता गया।
जैसे-जैसे मतों की काउंटिंग कटेहरी और भीटी में आगे बढ़ रही थी,वैसे-वैसे जीत को लेकर सभी अनुमान ध्वस्त हो रहे थे। भाजपा नेताओं ने भी आठ से दस हजार मतों के अंतर से जीत की उम्मीद लगा रखी थी। 31 राउंड की मतगणना पूरी होने तक जीत का अंतर बढ़कर 33 हजार हो गया। वहीं अंतिम 33 राउंड की मतगणना पूरी होने पर भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने 34514 वोटों के अंतर सपा को पछाड़ दिया।
