
सीतापुर। युवक की उसी के खेत में खून से लथपथ शव मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस का दावा है कि मृतक की पत्नी और आरोपी के बीच अवैध संबंध थे। पत्नी की राजामंदी के बाद ही उसके प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
बताते चले कि संदना थाना इलाके में अवैध संबंधों में बाधा बन रहे एक पति को उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला। बीती 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे राहुल सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह का शव गांव के बाहर उसी के खेत में खून से लथपथ मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने शक के आधार पर गांव के ही एक युवक अंकित पर हत्या का संदेह जताया था।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि मृतक के फोन की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य के आधार पर जब मृतक की पत्नी प्रियंका से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और प्रियंका सहित उसके प्रेमी अंकित ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल मृतक की पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी अंकित यादव पुत्र विजय और हत्या की वारदात में शामिल लवकुश पुत्र परसादी को गिरफ्तार कर लिया। अंकित यादव व लवकुश की निशादेही पर पुलिस ने आलाकत्ल लकड़ी का डण्डा बरामद किया है।
एएसपी ने बताया कि तीनों अभियुक्तों से पूछताछ में बताया कि मृतक राहुल सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह का अंकित यादव पुत्र छोटकन्नू उर्फ विजय के साथ अवैध संबंध थे। उसी के चलते मृतक की पत्नी प्रियंका सिंह की सहमति से अंकित यादव ने अपने साथी रिश्तेदार लवकुश के साथ 4 अक्टूबर की रात्रि राहुल को बुलाकर लाठी डंडों से पीटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था।