
लखनऊ। अखिलेश यादव ने स्व. जय प्रकाश नारायण की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। JPNIC न जाकर अखिलेश यादव ने आवास के बाहर सड़क पर ही माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद बोले अखिलेश यादव विनाशकारी सरकार, ये लोग विनाशकारी हैं। हर अच्छी चीज का ये लोग विनाश करते हैं। आज त्यौहार न होता तो बैरिकेडिंग रोक न पाती। ये सरकार बहरी और गूंगी है।

बता दें कि अखिलेश को JPNIC में JP प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाना था। लेकिन सरकार ने अखिलेश यादव के जाने पर रोक लगा दी थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव जेपी सेंटर जाने पर अड़े थे। लखनऊ प्रशासन ने अखिलेश यादव के घर व आसपास के पूरे इलाके में पुलिस का पहरा लगा दिया। समाजवादी पार्टी द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ता अखिलेश के घर तक पहुंचना चाहते थे। सपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने के प्रयास में नारेबाजी करने लगे थे और सीनियर पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए थे।
बता दें कि लखनऊ में जेपी सेंटर JP NIC को ऊंची टीन की बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया। वहीं इसके विरोध में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार को देर रात JP NIC पहुंच गए और सरकार के कदम का कड़ा विरोध किया। अखिलेश यादव ने सुबह 10 बजे वहां पहुंचकर समाजवादी नेता स्व. जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की बात कही थी।
दरअसल, जय प्रकाश नरायण की जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार देर शाम लखनऊ में राजनीतिक सरगरमी बढ़ गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने गोमती नगर स्थित जेपीएनआईसी बिल्डिंग का सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है। जेपीएनआईसी के गेट के बाहर टिन शेड खड़े कर दिए गए हैं। शेड पर लिखा गया है कि बिल्डिंग निर्माणाधीन है। उधर, इसकी जानकारी होने पर रात करीब रात 11.30 बजे सपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जेपीएनआईसी बिल्डिंग पहुंच गए। अखिलेश यादव ने इसका विरोध जताया। उन्होंने यूपी सरकार पर जमकर हमला बोला।
अखिलेश ने कहा कि महान नेता जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें सम्मान देने नहीं दे रही और यह कोई पहली बार नहीं हो रहा है। हर वर्ष जयप्रकाश नारायण की जयंती के दिन समाजवादी लोग यहां इकठ्ठा होते थे। उनका माल्यार्पण करते थे। उनका सम्मान करते थे। अपने विचार रखते थे। वह महान नेता जिन्होंने संपूर्ण क्रांति का नारा दिया और उस समय की सरकार के सामने झुका नहीं। एक समय ऐसा भी आया कि उसकी संपूर्ण क्रांति की वजह से देश में परिवर्तन हुआ। यहां सोशलिस्टों का म्यूजियम है। जयप्रकाश की प्रतिमा लगी है। टीन शेड लगाकर सरकार आखिरकार क्या छिपाना चाहती है। दीवारों से विचारधाराएं नहीं रोकी जा सकती हैं।