
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशन में प्रदेशभर में ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक शुक्रवार को प्रदेश के हर विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतों में यह आयोजन किया जाता है, जिससे गांवों में विभिन्न समस्याओं का समाधान उनके ही गांव में किया जा रहा है। यह पहल “गांव की समस्या – गांव में समाधान” के तहत चल रही है, जिससे सरकार ग्रामीणों के पास खुद जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।
ग्राम चौपालों का मुख्य उद्देश्य गांवों में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और सोशल सेक्टर की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना है। इन चौपालों के आयोजन से न केवल व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि सार्वजनिक समस्याओं का भी निस्तारण किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम चौपालों का आयोजन विधिवत रूप से किया जाए और इस पहल का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए।इसके साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नए पात्र लाभार्थियों के चयन में ग्राम चौपालों की अहम भूमिका होगी। इन चौपालों में ग्राम सभाओं के पात्रों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हर पात्र लाभार्थी को इसका लाभ मिल सके।
ग्राम्य विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश की 1355 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें 3413 प्रकरणों का समाधान गांव पंचायतों में ही किया गया। इन चौपालों में 3309 ब्लाक स्तरीय अधिकारी और 5908 ग्राम स्तरीय कर्मचारी मौजूद रहे, और 73 हजार से अधिक ग्रामीणों ने इन चौपालों में भाग लिया।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग, श्री जी एस प्रियदर्शी ने बताया कि 23 जनवरी से अब तक 1 लाख 22 हजार से अधिक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 83 लाख 63 हजार से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया और 4 लाख 64 हजार से अधिक समस्याओं का समाधान किया गया।
-=————————————————–