
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के थाना पारा पुलिस ने ग्राम सदरौना में भैंस चोरी के दौरान हत्या करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 11-12 जनवरी 2025 की रात की है, जब कुछ अज्ञात चोर भैंस चोरी करने पहुंचे थे। ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर चोरों ने एक व्यक्ति पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप (UP84AT3264) की पहचान की और 27 जनवरी 2025 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी मो. सलमान फरार चल रहा था। पुलिस ने 10 फरवरी 2025 को उसे आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मो. सलमान, निवासी एटा तिराहा मीरखैरा सराय, थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद, के खिलाफ हत्या और चोरी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।