
प्रयागराज। संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का अनावरण करने सोमवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
इस दौरान उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब सामाजिक न्याय के भगवान हैं। उन्हें अपमान भी सहना पड़ा। उन्होंने दुनिया का सबसे बढ़िया संविधान भारत को दिया। बाबा साहब लोकसभा न पहुंच पाएं कांग्रेस ने इसकी साजिश रची। भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से उन्हें भारत रत्न मिला। देश के विकास के लिए जो काम आजादी के तत्काल बाद होना चाहिए वो नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुआ। बाबा साहेब ने सिर्फ दलितों पिछड़ों शोषितों के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए संविधान बनाया। बाबा साहेब की जयंती एक त्योहार से कम नहीं। बाबा साहब के पंच तीर्थ का निर्माण करने का काम मोदी सरकार ने किया।
उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 तक पूरा प्रदेश गुंडों के हवाले था। जब अखिलेश सीएम थे तब उन्हें पी डी ए की याद नहीं आई और अब फर्जी पी डी ए की बात करते हैं। वे गुंडों अपराधियों माफियाओं का साथ छोड़ ही नहीं सकते। भाजपा कार्यकर्ताओं को इनके फर्जी पी डी ए की धज्जियां उड़ाना है। विपक्ष के पास भाजपा के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं किंतु हमारे कार्यकर्ताओं को भी शिथिल नहीं होना है। विपक्ष और उसके नेता वक्फ संशोधन बिल के विरोध में देश का माहौल बिगाड़ रहे हैं। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं को सजग रहना है। बाबा साहब का अधूरा स्वप्न भाजपा पूरा कर रही है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा और हिंदुओं के पलायन पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी वहां संघर्ष कर रही है। इससे पहले पुलिस लाइन हेलीपैड पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, अवधेश चंद्र गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, महापौर गणेश केसरवानी, देवेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, मनोज कुशवाहा, विनोद प्रजापति आदि वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों ने डिप्टी सीएम का स्वागत अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राजेश केसरवानी, देवेश सिंह, कमलेश गौतम, विजय पटेल, राजेश पटेल, विवेक मिश्रा, राकेश भारती, कुंज बिहारी मिश्रा, विशाल अग्रवाल, सुजीत कुशवाहा, रोहित पांडेय, सुजीत कुशवाहा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।