
मौसम। सुबह से चल रही सर्द हवा से भीषण ठंड के साथ गलन और बढ़ गई। गुरुवार को इस सीजन का सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बुधवार का न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान में बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन के तापमान में वृद्धि के बावजूद ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को सुबह-शाम कोहरा छाया रहेगा लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। दिन और रात के तापमान में कम होते जा रहे अंतर से ठंड और बढ़ गई। दोपहर एक बजे के लगभग थोड़ी देर के लिए सूरज निकला लेकिन कुछ ही देर में दोबारा बदरी छा गई। शाम होते ही लोग अलाव और हीटर के सामने बैठ गए। घरों के अलावा दुकानों और निजी व सरकारी कार्यालय में लोग हीटर जलाकर तापते रहे।
पिछले सप्ताह हुई बारिश और सर्द हवाओं के चलने से ठंड बढ़ गई थी। शहर से संगम तक लोग दिनभर ठंड से ठिठुरते रहे। शाम होते रैन बसेरों में लोगों ने शरण ली। ठंड में रामबाग, बाई का बाग, बैरहना न नए यमुना पुल पर खुले आसमान में लोग ठंड से कांपते रहे।
तापमान में तेजी से गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार संगम नगरी में सुबह-शाम कोहरा छाया रहेगा। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में मौसम साफ रहेगा। वहीं, आज शनिवार को मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।