
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा, राजपाल सिंह यादव (73 वर्ष) का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार थे और उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया गया।
अखिलेश यादव ने स्वर्गीय राजपाल सिंह यादव के पार्थिव शरीर को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और गहरा दुख व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और उनके बड़े भाई प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “मैं अत्यंत दुःख के साथ सूचित कर रहा हूँ कि मेरे अनुज श्री राजपाल सिंह का आज सुबह चार बजे मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में असामयिक निधन हो गया है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति!”
राजपाल सिंह यादव की प्रारंभिक शिक्षा सैफई के स्कूल में हुई थी, और उन्होंने अपनी इंटर की पढ़ाई मैनपुरी के करहल स्थित जैन इंटर कॉलेज से की थी। वे बीए इटावा के केके डिग्री कॉलेज से, और एमए लखनऊ विश्वविद्यालय से 1976 और 77 में किए थे।
राजपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव के परिवार के प्रमुख सदस्य थे। उनके निधन के समय समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, और सांसद अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इनमें अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, डिम्पल यादव, अनुराग यादव, धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव, आदित्य यादव, तेज प्रताप यादव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।