
अयोध्या। राम मंदिर के सामने राजा गेस्ट हाउस में वाराणसी की महिला श्रद्धालु का नहाते समय अश्लील वीडियो बनाने के मामले में अयोध्या पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। वहीं, गेस्ट हाउस को सील कर दिया। गेस्ट हाउस को सील करने की कार्रवाई अयोध्या पुलिस और अयोध्या विकास प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से की है।
बता दें अयोध्या के राजा गेस्ट हाउस में एक महिला श्रद्धालु के नहाते समय वीडियो बनाते हुए एक युवक पकड़ा गया। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे महिला जब बाथरूम में नहा रही थी, तभी उसे ऊपर परछाई दिखाई दी। गौर करने पर उसने देखा कि एक युवक मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। यह देखकर महिला घबरा गई और चिल्लाते हुए बाहर निकली। शोर सुनकर गेस्ट हाउस के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। उसे तुरंत राम जन्मभूमि थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच में युवक के मोबाइल से महिलाओं के नहाते हुए 10 वीडियो बरामद हुए। आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो बहराइच के पयागपुर का निवासी है और गेस्ट हाउस में कुक का काम करता है।
महिला ने बताया कि वह वाराणसी से राम मंदिर दर्शन करने आई थीं और उन्होंने गेस्ट हाउस में दो कमरे बुक किए थे। बाथरूम सभी के लिए कॉमन था और टिनशेड के ऊपर हल्का गैप था, वहीं से आरोपी वीडियो बना रहा था।
गेस्ट हाउस बिना नक्शा पास कराए बनाया गया था, जिस पर अयोध्या विकास प्राधिकरण ने संचालक ज्ञानचंद्र जायसवाल को नोटिस जारी किया है। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि होटल को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। SHO अभिमन्यु शुक्ला के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है।