
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं, बहनों और बेटियों के साथ हो रहे अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की सच्चाई रोज उजागर हो रही है।
उन्होंने अयोध्या निवासी एक महिला की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पीड़िता वाराणसी में साक्षात्कार के बाद अपने भाई के घर लखनऊ आना चाहती थी, लेकिन रास्ते में उसके साथ भयावह घटना घटी।
उन्होंने कहा कि पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद महिला के साथ अमानवीय कृत्य हुआ और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि क्या यही ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है, जहां अपराधियों को कानून का कोई भय नहीं है?
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले प्रयागराज में एक छात्रा के साथ जघन्य अपराध हुआ था, जहां उसकी हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया था। बीएचयू परिसर में हुई एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले भाजपा से जुड़े लोग थे, जिनकी तस्वीरें मुख्यमंत्री के साथ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मामले में भी न्याय नहीं दिलाया और महिला सुरक्षा को लेकर किए गए सारे दावे झूठे साबित हुए हैं।महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इन समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दे उछालती रहती है।
उन्होंने बरेली में एक डीएसपी के घर और गाड़ी जलाने की घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश में बढ़ते अपराधों और भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए। वाराणसी जेल में एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ को धमकाने और छेड़खानी करने की घटना को भी उन्होंने गंभीर बताया और कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में हो रहा है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने मांग की कि अयोध्या निवासी पीड़िता के परिवार को सरकार उचित मुआवजा दे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है।