
पवन कुमार रस्तोगी।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में न्यायपालिका में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर 582 न्यायाधीशों के तबादले किए गए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजीव भारती ने इस संबंध में रविवार को अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार इन सभी न्यायिक अधिकारियों को स्थानांतरित करने से पूर्व इनके प्रत्यावेदन पर विचार किया गया। तबादला किए गए जजों में 236 अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश, 207 सीनियर डिवीजन सिविल जज और 139 जूनियर डिवीजन सिविल जज शामिल हैं। जारी आदेश के अनुसार, सबसे अधिक 13 न्यायाधीशों का स्थानांतरण कानपुर से किया गया है। इसके अलावा, 11 न्यायाधीशों का अलीगढ़ से और पांच न्यायाधीशों का बरेली से स्थानांतरण किया गया है।
तबादलों का विस्तृत विवरण:
236 अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों का ट्रांसफर।
207 सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के तबादले।
139 सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को नई तैनाती मिली।
न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की कवायद
न्यायपालिका में यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव न्यायिक प्रक्रिया को बेहतर और सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है। इन तबादलों से न्यायिक व्यवस्था को गति मिलने और लंबित मामलों के जल्द निपटारे की उम्मीद जताई जा रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जारी इस बड़े फेरबदल को प्रदेश के न्यायिक तंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।