
-विविध कलात्मक कार्यक्रमों की योजनाओं पर हुई तैयारी बैठक
अयोध्या। अयोध्या कला संस्कृति महाकुम्भ की तैयारियों को लेकर सागर कला भवन अयोध्या में विविध कलात्मक कार्यक्रमों की योजनाओं पर बैठक हुई जिसमें कई कार्यक्रम प्रभारियों की नियुक्ति भी हुई। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या कला संस्कृति महाकुम्भ पांच दिवसीय 1 से 5 अप्रैल 2025 तक भारतीय नव वर्ष पर आयोजित होगा।
अध्यक्ष एस. बी. सागर प्रजापति ने कहते हुए बताया कि सरकार की योजनाओं को साकार करने की दृष्टि से स्वदेश भारत को अयोध्या की कला, संस्कृति, पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से विगत वर्षों भांति इस वर्ष भी स्वदेश संस्थान द्वारा प्रभु श्रीराम जी की पावन धरती अयोध्या मे होने वाले अयोध्या कला संस्कृति महाकुम्भ मे कला, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा, क्राफ्ट, संगीत , विज्ञान, अनुसंधान तथा पर्यावरण आधारित अनेक कार्यक्रमो का आयोजन प्रस्तावित हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य अयोध्या की कला, संस्कृति सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रो की प्रतिभाओं का विकास, संरक्षण और उन्हें मंच प्रदान करना तथा भारत को अयोध्या कला संस्कृति पर्यटन से जोड़ना है। इस कार्यक्रम में सम्पूर्ण भारत के साथ ही साथ अन्य देशों से भी लोग प्रतिभाग करने के लिए आ रहे है। विभिन्न क्षेत्रो के कलाकारों, साहित्यकारों व पर्यावरणविदों के साथ साथ देश भर से हजारों लोगो के आने की संभावना है।
बैठक का संचालन करते हुए निदेशक अम्बरीष चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि अयोध्या कला संस्कृति महाकुम्भ की शुरुआत स्वदेश तिरंगा यात्रा के साथ होगा और इसके बाद वर्ल्ड रिकॉर्ड सामूहिक हनुमान चालीसा तथा गरबा महारास का भव्य आयोजन होगा जिसमें पांच हजार लोगों को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है। अन्तिम दिन देश दुनियां से आए हुए विशिष्ट प्रतिभाओं के साथ अयोध्या पर्यटन यात्रा कार्यक्रम में सभी ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थानों का भ्रमण किया जाएगा।
उपाध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता ने कहा कि कला कुम्भ के अन्तर्गत चित्रकला, मूर्तिकला, क्रॉफ्ट, मेहंदी, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, ऑउट डोर पेंटिग, लाइव डेमोंस्ट्रेशन, अयोध्या शैली में वर्क, हस्तशिल्प, मृदभांड, रंगोली, मेंहदी, वास्तुकला, कला गांव आदि का वर्कशॉप, प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, क्रय – विक्रय, कला मेला आदि होगा तो संस्कृति कुम्भ के अन्तर्गत विविध लोक कलाओं से सम्बन्धित नृत्य, नाटक, गायन, वादन, नाटिका, करतब, तमाशा, गरबा, डांडिया तथा फोक अवॉर्ड शो आदि कार्यक्रम होगा।
सांस्कृतिक प्रभारी सचिव अंकित उपाध्याय ने कहा कि विभिन्न लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों की भव्य प्रस्तुति होगी तथा देश दुनियां से विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मान कुम्भ के अन्तर्गत स्वदेश नवरत्न, स्वदेश कोहिनूर अवॉर्ड, स्वदेश सेवा रत्न, अयोध्या कला भूषण, अयोध्या आइकॉन, साहित्यिक अवॉर्ड आदि उत्कृष्ट कार्यों हेतु विशिष्ट क्षेत्रों के चयनित विभूतियों को प्रदान करते हुए सम्मानित किया जाएगा।
इंदरप्रीत सिंह बेदी ने बताया कि महाकुम्भ के अन्तर्गत रक्तदान कुम्भ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही साथ श्रीराम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, शाम – ए – अवध म्यूजिकल नाइट, ट्रेडिशनल फैशन शो आदि का आयोजन भी होगा।
बैठक में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष सचिव राम आशीष, उपनिदेशक अंशिका सिंह, चित्रकार इमरान खान, समाजसेवी विजय पाण्डेय, विजय सिंह, नृतक मनीष प्रजापति, मूर्तिकार प्रवीण कुमार, लोक नृत्य कोरियोग्राफर शिवम निषाद व फरीदा बानो, लोक गायिका रीता शर्मा, प्रवीण चतुर्वेदी पंकज, समाजसेविका आशीष कौर, स्वर्ण लता शुक्ला, गीता विश्वकर्मा, अवंतिका सिंह आदि सदस्य, पदाधिकारी एवं प्रभारी उपस्थित रहे।