
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामनगरी अयोध्या में लगातार सात सालों से भव्य दीपोत्सव का आयोजन करवा रहे हैं।भव्य दीपोत्सव गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज कराता आ रहा है।पिछले सालों में आयोजित हुए दीपोत्सव के सभी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस बार आठवें दीपोत्सव को हर बार के दीपोत्सव से और अधिक भव्य बनाने की तैयारी जोरशोर चल रही है।अयोध्या जिला प्रशासन रात दिन एक कर दीपोत्सव को यादगार बनाने में जुटा हुआ है।
बता दें कि इस भव्य दीपोत्सव के लिए हर कार्यक्रम को अनूठा बनाने की बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है।दीपोत्सव में विभिन्न प्रकार की लाइटिंग से रामनगरी अयोध्या को सजाया जा रहा है।इसमें प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र से जुड़े 18 प्रसंगों पर आधारित झांकियां रहेंगी, 11 झांकियां सूचना विभाग की तरफ से और सात झांकियां पर्यटन विभाग की ओर से तैयार की जा रही हैं।
बता दें कि साकेत महाविद्यालय में इन झांकियों को सजाया जा रहा है। आठवें दीपोत्सव पर आयोजित होने वाली झांकियों में श्रीराम की शिक्षा, सीता-राम विवाह, राम-वन गमन, भरत मिलाप, माता शबरी प्रसंग, अशोक वाटिका, हनुमान का लंका गमन, शक्ति बाण लगने से लक्ष्मण का मूर्छित होना, रावण वध, भगवान राम का पुनः अयोध्या आगमन और दीपोत्सव पर आधारित झांकियां निकाली जाएगी। ट्रकों पर यह झांकियां सजाने का काम शुरू हो गया है।
पर्यटन विभाग की ओर से भव्य दीपोत्सव पर सात झांकियां निकाली जाएगी, जिसमें तुलसीकृत राम चरित मानस के सात अध्याय बाल कांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, सुन्दर कांड, किष्किंधा कांड, लंका कांड और उत्तर कांड पर आधारित सात झांकियां निकाली जाएंगी।