
बस्ती: बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इस कैलेंडर में पूरे वर्ष होने वाली शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समय-सारिणी शामिल है।
कक्षा 3 से 5 तक के छात्रों के लिए हर माह अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
यह वार्षिक कैलेंडर स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा द्वारा जारी किया गया है, जिसके अनुसार सभी विद्यालयों में पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान निर्धारित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से शुरू हो चुका है, जबकि ग्रीष्मावकाश 20 मई से 15 जून तक रहेगा। 16 जून से फिर कक्षाएं शुरू होंगी। वहीं, शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक निर्धारित किया गया है।
कैलेंडर के अनुसार, छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने हेतु सभी विद्यालयों में ईको क्लब गठित किए जाएंगे, जिनके अंतर्गत साप्ताहिक और मासिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त, निपुण भारत मिशन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर माह बीईओ के नेतृत्व में शिक्षा चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिभावकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रत्येक माह की प्रतियोगिताएं इस प्रकार होंगी:
- अप्रैल: हिंदी भाषण प्रतियोगिता
- मई: अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता
- जुलाई: अंग्रेजी कविता पाठ
- अगस्त: हिंदी कविता पाठ
- सितंबर: हिंदी वाद-विवाद
- अक्टूबर: अंग्रेजी वाद-विवाद
- नवंबर: हिंदी निबंध लेखन
- दिसंबर: अंग्रेजी निबंध लेखन
- जनवरी: हिंदी सुलेख प्रतियोगिता
- फरवरी: अंग्रेजी सुलेख प्रतियोगिता
बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि महानिदेशक द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप ही विद्यालयों में वर्ष भर शैक्षिक गतिविधियां चलाई जाएंगी और सभी स्कूलों को इस पर अमल करने के निर्देश दिए गए हैं।