
•अपराधों मे संलिप्त आरोपितों की खोली जाए हिस्ट्रीशीट
•परिक्षेत्र में गो तस्करी पर लगाया जाए प्रभावी अंकुश।
बस्ती। रेंज के बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर पुलिस अधीक्षकों के साथ मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक कर पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र दिनेश कुमार पी. ने कहा कि संगीन अपराधों में संलिप्त रहने वाले अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए ) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। सम्पत्ति सम्बन्धी जघन्य अपराधों मे संलिप्त अपराधियों की नियमानुसार हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी की जाए।

कहा कि गो तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों के वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाई की जाए, ताकि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अकुंश लग सके।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने हत्या, दहेज हत्या,फिरौती हेतु अपहरण एवं गंभीर चोट के अपराधो की समीक्षा करते हुए कहा कि इन अपराधों का अपने निकट पर्यवेक्षण में विवेचना का निस्तारण एवं नियमानुसार संबंधित की गिरफ्तारी कराते हुए वैधानिक कार्यवाई कराई जाए। न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराते हुए आरापितों को सजा दिलाया जाए। लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी के प्रकरणों में त्वरित अभियोग पंजीकरण कराते हुए इनसे संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो। महिला संबंधी अपराध बलात्कार, शीलभंग, अपहरण,पॉक्सो से सम्बन्धित प्रकरणों मे तत्काल अभियोग पंजीकरण कराते हुए उनसे सम्बन्धित की शत प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित कराया जाए।
कहा कि जनपद स्तर पर टीम गठित कर शेष पुरस्कार घोषित अपराधियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी कराएं। गिरोहबंद अधिनियम के वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी कराते हुए अपराध से सम्बन्धित अर्जित सम्पत्ति का चिन्हांकन कराकर नियमानुसार सम्पत्ति जप्तीकरण की कार्यवाही हो। अवैध शराब के निष्कर्षण, परिवहन व बिक्री की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
साइबर अपराध की रोकने के लिए अधिक से अधिक डिजिटल वारिर्यस बनाया जाये। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित प्रकरणों मे शतप्रतिशत फीडिंग करायी जाये। थानो पर खड़े वाहनों का निस्तारण आपरेशन क्लीन के तहत यथाशीघ्र कराया जाए। समीक्षा में एसपी संतकबीरनगर सत्यजीत गुप्ता, एसपी सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन एसपी बस्ती अभिनन्दन, व तीनो जनपद के रीडर ,परिक्षेत्रीय कार्यालय के समस्त शाखाओं के शाखा प्रभारी मौजूद रहे।