
•होमगार्ड बल का आधुनिकीकरण:
•जनपद में तैनात हैं महिला-पुरुष 956 होमगार्ड
•इंसास प्रशिक्षण के चयनित किए जा रहे होमगार्ड
बस्ती। जनपद के होमगार्ड जल्द ही इंसास रायफल से लैस दिखेंगे। इसके लिए सभी 956 होमगार्डाें को प्रशिक्षित किया जाएगा। 15-15 होमगार्डों का बैच बनाकर उन्हें प्रशिक्षण के लिए गोरखपुर भेजा जाएगा। चयनित होमगार्ड को 92 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जल्द ही मंडल मुख्यालय पर भी ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव बना कर मुख्यालय भेज दिया गया है। जब तक मंडल मुख्यालय पर प्रशिक्षण स्थल नहीं आरंभ होगा तब तक गोरखपुर में होमगार्डों को शस्त्र की ट्रेनिंग दिलाया जाएगा। होमगार्ड बल के आधुनिकीकरण के लिए शासन बजट मांगा गया है। होमगार्ड कमांडेंट ने बताया कि नए वित्तीय सत्र में प्रशिक्षण का बजट प्राप्त हो जाएगा। अभी 15-15 होमगार्ड प्रशिक्षण के चयनित किए गए है।
नए वित्तीय सत्र में इनके हाथ में दिखेगी इंसास:- जिला कमांडेंट अंतिम कुमार ने बताया कि जिले के प्रशिक्षित होमगार्डों के हाथों में नए सत्र अप्रैल 2025 से 303 रायफल नहीं बल्कि इनके हाथों में इंसास असाल्ट रायफल दिखेंगी। मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र गोरखपुर में 15-15 का बैच बनाकर 60 होमगार्डों को पहले दौर में प्रशिक्षित किया जाना है। इनके लिए नए बजट से इंसास रायफलें खरीदी जाएंगी। पहले होमगार्ड का बेसिक प्रशिक्षण 42 दिन का होता था, अब यह तीन महीने तक चलेगा। इसका पाठ्यक्रम नए सत्र अप्रैल से इसकी शुरुआत की जा रही है। होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र को मंडल मुख्यालय जल्द शुरू कराने का भी प्रयास चल रहा है। बजट की कमी के चलते विभाग में कुछ कार्य रुके हैं, उन्हें जल्द कराया जाएगा। अधीनस्थों से अनुशासन बढ़ाने और जवानों को व्यवहार कुशल बनाने के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगा।
इंसास रायफल की खासियत
इंसास एक भारतीय निर्मित असाल्ट राइफल है, जो भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा उपयोग की जाती है। यह शस्त्र 1990 के दशक में विकसित किया गया था। भारतीय सेना की मुख्य असाल्ट राइफल है। इसकी विशेषताएं में कैलिबर: 5.56 मिमी, लंबाई: 960 मिमी, वजन: 3.9 किग्रा, फायरिंग रेंज 400 मीटर व मैगज़ीन क्षमता 20 या 30 राउंड की होती है। इंसास राइफल को इसकी विश्वसनीयता, सटीकता और कम वजन के कारण ज्यादा पसंद किया जाता है। यह शस्त्र विभिन्न परिस्थितियों में उपयोग के लिए डिज़ाइन किया गया है, जैसे कि शहरी युद्ध, जंगल युद्ध और पहाड़ी युद्ध।