
पूर्णिया। 23 वर्षीय दीया उर्फ मैडम दीया, जिसका मायका नेपाल में और ससुराल उत्तर प्रदेश में है, बिहार में अपराधियों का गैंग चला रही थी। पूर्णिया पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। दीया पूर्णिया में छिनतई गिरोह चला रही थी और चोरी का सामान नेपाल में बेचती थी। पुलिस अब उसके फरार पति और एक अन्य महिला साथी की तलाश कर रही है।
नेपाल में मायका, प्रयागराज में ससुराल, पूर्णिया में अपराध
दीया की शादी यूपी के प्रयागराज के रघुनाथपुर निवासी राज यादव से हुई थी, लेकिन वह प्रयागराज में रहने के बजाय बिहार के पूर्णिया में अपराधी गिरोह का संचालन कर रही थी। पुलिस पूछताछ में दीया ने खुलासा किया कि वह एक साल पहले अपने पति के साथ पूर्णिया आई थी और महलदार टोले में किराए के मकान में रहकर मोबाइल चोरी और छिनतई गिरोह चलाने लगी।
गिरोह में आधा दर्जन लड़के और महिलाएं शामिल
दीया ने पुलिस को बताया कि उसका गिरोह कई लोगों से मिलकर बना है, जिसमें महिलाएं, उसका पति और करीब आधा दर्जन लड़के शामिल हैं। लड़के राह चलते लोगों के मोबाइल झपटते थे, जबकि महिलाएं बाजारों और मेलों में लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करती थीं।
पुलिस की छापेमारी, दीया गिरफ्तार, पति और महिला साथी फरार
मधुबनी पुलिस को महलदार टोले में किराए के मकान में चोरी के मोबाइल छिपाए जाने की सूचना मिली थी। रविवार को पुलिस ने छापेमारी कर पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए और दीया को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसकी सहयोगी महिला और पति राज यादव फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जल्द गिरफ्त में होंगे गिरोह के सभी सदस्य
मधुबनी थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि प्रयागराज की महिला अपने पति के साथ पूर्णिया में गिरोह का संचालन कर रही थी। पुलिस को गिरोह के सभी सदस्यों की जानकारी मिल चुकी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।