
•इटावा में अम्बेडकर प्रतिमा का अनावरण, भाजपा पर किया तीखा प्रहार।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को इटावा के महेवा ब्लॉक में ‘स्वाभिमान स्वमान समारोह’ और पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चाहे कोई कितना भी ताकतवर या तानाशाही प्रवृत्ति वाला हो, समाजवादी पीडीए गठबंधन बाबा साहब के संविधान को बदलने नहीं देगा।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं, जिन्हें भाजपा सरकार छीनने पर आमादा है। पीडीए की एकजुटता, बाबा साहब के संविधान, डॉ. लोहिया के समाजवादी विचारों और नेताजी मुलायम सिंह यादव के संघर्षों की बदौलत उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन ने भारी जीत दर्ज की है। उन्होंने दावा किया कि आज केन्द्र में भाजपा का बहुमत नहीं रहा।
अखिलेश ने इटावा, औरैया और चंबल क्षेत्र के क्रांतिकारी इतिहास को याद करते हुए कहा कि यहां का हर नागरिक अन्याय के खिलाफ लड़ने का जज़्बा रखता है। उन्होंने फूलन देवी, ए.ओ. ह्यूम, गेंदालाल दीक्षित, और के. आसिफ जैसे ऐतिहासिक नामों का उल्लेख कर स्थानीय गौरव का बखान किया।बसपा संस्थापक कांशीराम को पहली बार लोकसभा पहुंचाने का श्रेय भी उन्होंने इटावा को दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पहले डाकुओं के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां लॉयन सफारी है, जहां शेर खुले में विचरण करते हैं।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर जातीय भेदभाव फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि एक मंदिर में जाने के बाद उसे गंगाजल से धोया गया और मुख्यमंत्री आवास को भी उनके जाने के बाद शुद्ध किया गया। उन्होंने इसे सामाजिक विषमता की मिसाल बताया। साथ ही यह भी कहा कि सरकार द्वारा आरक्षण खत्म किया जा रहा है, पीडीए को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है, और सरकारी संस्थानों में भेदभाव बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, नौजवान, सेना, शिक्षा और स्वास्थ्य सभी मोर्चों पर नाकामी दिखाई है। अग्निवीर योजना को उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और वादा किया कि समाजवादी सरकार आने पर यह योजना खत्म की जाएगी।
उन्होंने किसानों के गेहूं और आलू की उपेक्षा, नैनो यूरिया के झूठे वादे और निवेश के नाम पर जनता को ठगने का आरोप लगाया।भाजपा सरकार को “नाकाम और भ्रष्ट” करार देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में अफसरों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार चरम पर है। पुलिस व्यवस्था पर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि संविधान ही लोकतंत्र की रक्षा करता है और यही पीडीए की ताकत है। भाजपा का ’80 बनाम 20′ का नारा देश को बांटने की साजिश है, जबकि असल लड़ाई ’90 बनाम 10′ की है, जिसमें 90 प्रतिशत पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी कार्यक्रम में भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार संविधान और प्रशासन दोनों में भ्रष्टाचार फैला रही है। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने का आह्वान किया और बाबा साहब के सपनों को साकार करने की बात कही।
कार्यक्रम का आयोजन इटावा के सांसद जितेन्द्र दोहरे ने किया। मंच पर सांसद देवेश शाक्य, समाजवादी नेता आदित्य यादव, अंशुल यादव, प्रदीप यादव, रेखा वर्मा, अशोक यादव, गोपाल यादव, कृष्ण यादव, बीरू भदौरिया, सर्वेश गौतम समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन हामिद खां ने की।
—————————————