
वाल्टरगंज। मौसी के साथ अयोध्या स्नान करने गए चार बच्चे सरयू नदी में डूबने लगे। नाविकों ने तीन को बचा लिया, लेकिन 14 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर परिवार के लोग भी अयोध्या रवाना हो गए।
सोनहा थाना क्षेत्र के सल्टौआ निवासी रमेश मिश्रा का पुत्र कवि मिश्र (14) व ऋषि तिवारी (16) करमहिया रुधौली निवासी अपनी मौसी के साथ अयोध्या स्नान करने गए थे। साथ में उनकी मौसी का बेटा अनुज तिवारी (16) व अनेसा तिवारी भी नए घाट अयोध्या पर सरयू नदी में स्नान कर रहे थे। इसी बीच चारों बच्चे डूबने लगे। शोर मचाने पर घाट के किनारे मौजूद नाविकों ने ऋषि, अनुज व अनेसा को बाहर निकाल लिया। मगर 14 वर्षीय कवि गहरे पानी में डूब गया। आनन-फानन पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी अयोध्या पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने उसे ढूंढना शुरू किया। रेलवे पुल के 20 फिट पहले कवि का शव मिला।
इसकी सूचना गांव में पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां पुष्पा मिश्र बेहोश हो गई तथा भाई ऋषि, अवधेश मिश्र, अशोक मिश्र, टीपू मिश्र सहित परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक केंद्रीय विद्यालय गनेशपुर में हाई स्कूल में पढ़ता था। ग्राम प्रधान अवधेश मिश्रा के छोटे भाई रमेश मिश्र के छोटे बेटे कवि की मौत की जानकारी मिलते ही गांव के सप्पू, रमेश वर्मा, सुनील कसोधन, अंकुर, डीके, मुनीराम, अनेक महिलाएं व आसपास के लोग घर पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।