
•छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली और उनके दायित्वों के बारे में दी गई जानकारी।
बस्ती। महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनपद में एक अनूठी पहल देखने को मिली। इस अभियान के तहत आठवीं कक्षा की छात्रा उन्नति शुक्ला को एक दिन के लिए थाना रुधौली का प्रभारी निरीक्षक (थानाध्यक्ष) बनाया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह के नेतृत्व में तथा प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार की देखरेख में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छात्राओं ने संभाली पुलिस की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8 की छात्रा उन्नति शुक्ला को प्रभारी निरीक्षक (थानाध्यक्ष), सृष्टि शर्मा को SSI रूधौली और पलक सिंह को इंस्पेक्टर अपराध बनाया गया। छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली और उनके दायित्वों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, उनसे सुझाव भी लिए गए कि महिला सुरक्षा और सम्मान को बढ़ाने के लिए पुलिस को किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए।
महिला सुरक्षा और जागरूकता पर दिया गया जोर: कार्यक्रम में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को लेकर चर्चा की गई। छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया, जिनमें शामिल हैं:
- महिला हेल्पलाइन: 1090
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
- चाइल्डलाइन: 1098
- स्वास्थ्य सेवा: 102
- एंबुलेंस सेवा: 108
- साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन: 1930
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि “स्त्री की उन्नति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है।” समाज के कल्याण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियानों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक करने का एक नया अनुभव मिला। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे।