
बस्ती। गोरखपुर से बस्ती रोडवेज डिपो का निरीक्षण करने पहुंचे आरएम रोडवेज गोरखपुर और सेवा प्रबंधक को कदम-कदम पर खामियां मिलीं। बस स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद दोनों अधिकारी डिपो के कार्यशाला में पहुंचे। यहां अव्यवस्था, गंदगी देखकर आरएम भड़क गए और सीनियर फोरमैन की क्लास लगाते हुए फटकारा। सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी, सफाई ठीक नहीं मिली।
आरएम लव कुमार और सेवा प्रबंधक मुकेश कुमार रोडवेज बस्ती पहुंचे तो कर्मियों में खलबली मच गई। कार्यशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। खराब होकर खड़ी बसों के मरम्मत कार्य को देखा। यहां तय समय पर बसों के मरम्मत में जिम्मेदार असफल दिखे। इस पर सीनियर फोरमैन चंदन लाल को फटकार लगाते हुए सुधार करने के लिए कहा।
उसके बाद कार्यशाला के पास स्थित डीजल पंप के पास पहुंचे, यहां डीजल की खपत को देखा। रजिस्टर से भी मिलान किया। डीजल का अनुपात ठीक मिला। दोनों अधिकारियों ने एआरएम आयुष भटनागर से कहा कि आगामी पर्व को देखते हुए समय से बसों को ठीक करा लें, ताकि मार्ग पर चलते समय बसों में खराबी न आने पाए।
कहा कि दीपावली पर्व पर सभी मार्गों पर बसों का संचालन बेहतर ढंग से कराएं। जिससे अधिक से अधिक यात्री अपने गंतव्य तक आराम से जा सके। उन्होंने राजस्व की समीक्षा की। इसे बढ़ाने पर जोर दिया। जूनियर फोरमैन रामबरीका, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी सूबेदार, अभिनव श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, अभिनव सिंह, सुशील गौड़, इंद्रजीत तिवारी, कन्हैया सिंह आदि मौजूद रहे।