
बस्ती। समाज में बढ़ते पारिवारिक विवादों और टूटते रिश्तों को बचाने के लिए महिला थाना बस्ती ने एक सराहनीय पहल की है। प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में “टूटते परिवारों को जोड़ने की पहल” के तहत दो अलग-अलग शादीशुदा जोड़ों के बीच आपसी मतभेदों को दूर कर उन्हें साथ रहने के लिए राजी किया गया।

समझौते के बाद एक साथ रहने को हुए तैयार:- महिला थाना बस्ती में सुलह कराए गए दो मुस्लिम दंपति हैं: नसीमा पत्नी रजा, निवासी बनहरा, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती तथा फातिमा पत्नी आकिब, निवासी अमोली, थाना पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती।; इन दोनों परिवारों में लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था, जिसके कारण पति-पत्नी अलग रह रहे थे और उनका रिश्ता बिगड़ चुका था। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक मनमुटाव, आपसी अविश्वास और व्यक्तिगत मतभेद इतने बढ़ गए थे कि वे साथ रहने को तैयार नहीं थे।
महिला थाना की पहल से रिश्तों में आई नई शुरुआत: महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह और उनकी टीम ने दोनों दंपतियों से विस्तार से बात की, उनके विवादों को सुना और उन्हें आपसी रिश्तों की अहमियत समझाई। लगातार समझाने और दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक संवाद के लिए प्रोत्साहित करने के बाद आखिरकार दोनों जोड़े अपने मतभेद भुलाकर फिर से साथ रहने के लिए सहमत हो गए।
खुशी-खुशी विदा हुए दोनों दंपति महिला थाने में सुलह समझौते के बाद दोनों पति-पत्नी को राजी-खुशी उनके घर भेज दिया गया। महिला थाना बस्ती की इस पहल की स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने सराहना की।
बता दें कि महिला थाना बस्ती की पारिवारिक विवाद सुलझाने की दिशा में यह एक अहम कदम साबित हो रहा है। महिला थाना ने समाज में बिखरते परिवारों को बचाने की इस अनूठी पहल के माध्यम से यह संदेश दिया कि संवाद और आपसी समझ से किसी भी रिश्ते को बचाया जा सकता है। इस प्रयास से कई और परिवारों को प्रेरणा मिलेगी और वे भी अपने रिश्तों को मजबूत करने के लिए आपसी संवाद और समझदारी का सहारा लेंगे।