
लखनऊ। थाना सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र के कुल्लीखेड़ा अर्जुनगंज में वकील मनमोहन यादव पर जानलेवा हमला करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी हमले के बाद मौके से फरार हो गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों की सजगता और तत्परता से उन्हें बालाजी लॉन मोड़ के पास पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
घटना के संबंध में वादी सतीश चंद्र यादव ने थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, उनके भाई मनमोहन यादव और साथी ध्रुव तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें मनमोहन यादव के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार किया गया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 318/2025, धारा 109/115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत दर्ज किया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जानकारी मिली कि हमलावर बालाजी लॉन मोड़ के पास देखे गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि लगभग 10-15 स्थानीय लोग दो संदिग्धों को घेरे हुए हैं। भीड़ को शांत करते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम 1. हर्षित सिंह (26 वर्ष) और 2. अमन सिंह (27 वर्ष), निवासी सराय अनादेव, थाना जेठवारा, जनपद प्रतापगढ़ बताया।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों को वारदात के संबंध में अवगत कराते हुए विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में सख्ती से जांच कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घायल वकील का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।