
बस्ती। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष में आर्य समाज नई बाजार बस्ती में आयोजित वैदिक यज्ञ के अवसर पर उपस्थित बहन बेटियों ने मिलकर शक्ति की उपासना करते हुए वेद मंत्रों से आहुतियां दी। इस अवसर पर ओमप्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज उप प्रतिनिधि सभा बस्ती मंडल के नेतृत्व में जिले की सभी आर्य समाज में वैदिक यज्ञों का आयोजन किया गया।
टइस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ओमप्रकाश आर्य ने कहा की मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचंद्र के अनुसरण और शक्ति की उपासना से ही देश सुरक्षित हो सकता है। हमारी बहन बेटियां शक्ति की उपासना अर्थात आत्मरक्षा सीखकर अपने साथ साथ दूसरी बहन बेटियों को सुरक्षित कर सकती हैं। बेटियों को आत्मरक्षार्थ तैयार करने के लिए आर्य वीरांगना दल के नेतृत्व में मई महीने में जिले स्तर का शिविर लगाया जाएगा।
यज्ञ के पश्चात रामचर्चा में अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला पतंजलि योग समिति की मीडिया प्रभारी बहन किरण जायसवाल ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम से हमे एक आदर्श व्यक्तित्व के समस्त गुण सीखने को मिलते हैं। उन्होंने स्त्री को देवी का स्थान दिया। लोगों के लाख बुराई करने के बाद भी माता कैकेई को उन्होंने सर्वदा पूजनीय ही बताया। योग शिक्षिका श्रीमती नीलम मिश्रा ने कहा कि भगवान श्री राम पापी को नहीं पाप को समाप्त करने के लिए संकल्पित थे तभी तो उन्होंने रावण से भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए लक्ष्मण को भेजा।
यज्ञ कराते हुए गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने लोगों को बताया कि राम नवमी का पर्व हमें शरीर स्वस्थ रखते हुए शक्ति संपन्न होने का संदेश देता है। यज्ञ से हम रोगमुक्त होते हैं और वेदपाठ तथा योगाभ्यास से हम शक्तिसंपन्न होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सबने साथ में फलाहार प्रसाद ग्रहण किया। संगठन सूक्त और शान्ति पाठ के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नवल किशोर चौधरी, अजीत पांडे, धर्मेंद्र कुमार, शिव श्याम, राजेश्वरी, महिमा, वंदना, वैष्णवी, बबिता, कार्तिकेय, अश्कृता मिश्रा, शताक्षी मिश्रा, शुभम कुमार, वैद्य अजय चौधरी, रिमझिम, निधि, दुर्गा राधा देवी, विश्वनाथ, गणेश आर्य, सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।