कंपनी बाग शिव मंदिर पर छठे बड़े मंगलवार पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब।

Spread the love

बस्ती। ज्येष्ठ मास के छठे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर शहर के कंपनी बाग स्थित शिव मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देर रात तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

धार्मिक आयोजन के अंतर्गत महिलाओं द्वारा भक्ति भाव से ओतप्रोत कई धार्मिक गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा परिसर रामभक्ति और हनुमान भक्ति के रंग में रंग गया। सायंकाल आयोजित सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान का गुणगान किया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक अनवरत चलता रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश अरोरा ने बताया कि विगत कई वर्षों से बड़े मंगलवार के अवसर पर इस प्रकार के धार्मिक आयोजन लगातार किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जयप्रकाश अरोरा, हिमांशु सेन, राजू विश्वकर्मा, अब्दुल्लाह अंसारी, पवन मल्होत्रा, सुदर्शन, मनमोहन, हर्ष कलरा, सचिन, संचित, साहब सचदेवा, सनी सचदेवा, चिंटू, विमल अरोरा, शशि अरोरा, लक्ष्मी अरोरा, रूमी बाधवा, मनिंदर कौर, वीना, सानू, रिप्पो सचदेवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *