मिश्रिख क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों का बढ़ता नेटवर्क, कार्रवाई न होने से उठ रहे सवाल।

Spread the love

सीतापुर/मिश्रिख। मिश्रिख नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की बढ़ती सक्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है। आरोप है कि बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सीय योग्यता के कई लोग खुलेआम मरीजों का उपचार कर रहे हैं, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झोलाछाप डॉक्टर भोली-भाली जनता को सस्ते और त्वरित इलाज का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने से उनके हौसले बुलंद हैं। लोगों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में ऐसे मामलों की लगातार शिकायतें सामने आने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।

वहीं, जनपद के जिलाधिकारी द्वारा जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रियता दिखाई जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *