अलीगढ़ से सौरभ पाठक की रिपोर्ट।
इगलास/अलीगढ़। विकासखंड इगलास के ग्राम नगला हरिकरना में जलभराव, टूटी नालियों और जर्जर मार्ग की समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षु संघ के जिलाध्यक्ष एवं शिक्षक धर्मेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर नालियों का गंदा पानी जमा रहने से जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
धर्मेन्द्र चौधरी ने श्री जगन्नाथ सिंह के घर से हिंदू एवं मुस्लिम कब्रिस्तान होते हुए करबन नदी तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि टूटी नालियों के कारण सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है, जिससे अंतिम संस्कार, खेतों तक आवागमन और अन्य आवश्यक कार्यों में ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने मुख्य प्रवेश द्वार की नालियों की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा कब्रिस्तान तक इंटरलॉकिंग सड़क और नई नाली के निर्माण की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी, अलीगढ़ को भी भेजी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।