पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा आसान, जल्द शुरू होगा ऑनलाइन पोर्टल।

Spread the love

लखनऊ। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश ने पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण प्रक्रिया को अधिक सरल और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड अभी तक नहीं बन सका है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति की जांच कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि यदि पोर्टल पर नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सुधार कराया जा सकता है, जिससे आयुष्मान कार्ड जारी होने की प्रक्रिया पूरी हो सके।

सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद कार्ड जारी नहीं हुआ है, उनके लिए विभाग शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने-अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के जरिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि पोर्टल शुरू होते ही इसकी सूचना सभी जनपदों को उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि पात्र पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके। यह पहल पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *