लखनऊ। पंजाब नेशनल बैंक की सहायक कंपनी एवं स्वतंत्र प्राथमिक डीलर पीएनबी गिल्ट्स लिमिटेड ने अपना 30वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने भारतीय ऋण बाज़ार और सरकारी प्रतिभूति व्यवस्था के विकास में अपने तीन दशकों के योगदान को रेखांकित किया।वर्ष 1996 में स्थापित पीएनबी गिल्ट्स ने सरकारी प्रतिभूतियों, राजकोषीय समाधान, बाज़ार निर्माण, अभिग्रहण तथा ऋण पूंजी बाज़ार सेवाओं के माध्यम से देश के स्थिर आय बाज़ार को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
स्थापना दिवस समारोह में पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र, पीएनबी गिल्ट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी पारीद सुनील, निदेशक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रबंधन, कर्मचारी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।कंपनी ने बताया कि उसकी कुल निवल संपत्ति लगभग 1,700 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। ऋण पूंजी बाज़ार कारोबार में पीएनबी गिल्ट्स ने देश के शीर्ष 10 संस्थानों में स्थान बनाया है। साथ ही, कंपनी ने शेयर बाज़ारों में सूचीबद्ध होने के 25 वर्ष भी सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं।
वित्त वर्ष 1997 से वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी ने अपनी दीर्घकालिक स्वामित्व निधि में लगभग 13 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की है, जो उसकी मजबूत वित्तीय स्थिति और संतुलित विकास को दर्शाती है।इस अवसर पर कहा गया कि पीएनबी गिल्ट्स की 30 वर्षों की यात्रा उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण और मजबूत वित्तीय अनुशासन का परिचायक है।
कंपनी ने सरकारी प्रतिभूति बाज़ार के विकास, नवाचार, सुदृढ़ प्रशासन, विवेकपूर्ण जोखिम प्रबंधन तथा हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।कंपनी ने यह भी बताया कि पिछले वर्षों में उसने प्रौद्योगिकी के उपयोग, प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, जोखिम प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने तथा सतत विकास संबंधी पहलों के माध्यम से अपने व्यावसायिक आधार का निरंतर विस्तार किया है।