रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने संगठन को मथुरा जिले में जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ किसान नेता चौ. प्रीतम सिंह प्रमुख को राष्ट्रीय लोक दल का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
प्रीतम सिंह प्रमुख मथुरा जनपद के अत्यंत लोकप्रिय, संघर्षशील एवं जमीनी किसान नेता के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने गोवर्धन क्षेत्र से दो बार (2012 और 2022 में) मजबूती से विधान सभा चुनाव लड़ा था। इससे पहले वे 1995 में उप्र में सबसे कम उम्र के प्रधान निर्वाचित हुए। दो बार प्रधान रहने वाले प्रीतम सिंह दो बार समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वे अजीत सेना के भी जिलाध्यक्ष रहे हैं।
वे लंबे समय से किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन के हितों के लिए सक्रिय रूप से संघर्ष करते रहे हैं। क्षेत्र में उनकी गहरी पैठ और मजबूत जनाधार है।
उनका परिवार सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में लंबे समय से सक्रिय रहा है। उनकी माताजी एवं उनके छोटे भाई गोवर्धन के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रीतम सिंह प्रमुख मथुरा के प्रमुख उद्योगपतियों में भी शामिल हैं। सामाजिक सेवा, रोजगार सृजन, क्षेत्र के आर्थिक विकास और किसानों की समस्याओं के समाधान में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनका परिवार देशभक्ति और सेवा की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उनके दो भाई भारतीय सेना में अधिकारी हैं, जबकि एक भाई दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
अपने मनोनयन पर प्रीतम सिंह प्रमुख ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. जयंत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राम आशीष रॉय, क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजेश चाहर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की किसान-हितैषी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसानों, कामगारों, युवाओं,गांव,गरीब सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ बनेंगे तथा मथुरा जनपद में राष्ट्रीय लोक दल के संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे। वे जिले के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अन्य दलों के साथ भी संवाद और समन्वय को भी जरूरी बताया है।