अंतरराष्ट्रीय ब्लू कम्युनिटी नेटवर्क से जुड़ी युवा विकास समिति।

Spread the love

बस्ती: जनपद की अग्रणी सामाजिक संस्था युवा विकास समिति, बस्ती ने जल संरक्षण और जल अधिकार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय ब्लू कम्युनिटी नेटवर्क की सदस्यता प्राप्त कर ली है। इस वैश्विक संस्था के सभी मानकों पर खरे उतरने पर ब्लू कम्युनिटी से जुड़े रोलैंड ब्रूनर द्वारा सर्टिफिकेट भी जारी किया गया है. इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में संस्था के मिश्रौलिया स्थित प्रधान कार्यालय पर स्टाफ एवं पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए खुशी का इज़हार किया।

इस अवसर पर संस्था के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने सभी स्टाफ एवं सहयोगियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह केवल संस्था के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बस्ती जनपद और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ब्लू कम्युनिटी विश्वव्यापी जल आंदोलन है, जो जल को मानव का मौलिक अधिकार, सार्वजनिक संपत्ति तथा साझा विरासत के रूप में स्थापित करने का कार्य कर रहा है। इस वैश्विक नेटवर्क से जुड़कर युवा विकास समिति जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

उन्होंने बताया कि ब्लू कम्युनिटी की स्थापना वर्ष 2009 में कनाडा से हुई थी और इसका उद्देश्य दुनिया भर में जल के न्यायपूर्ण, सार्वजनिक एवं टिकाऊ प्रबंधन को बढ़ावा देना है। एशिया में इस अभियान का विस्तार वर्ष 2025 से प्रारम्भ हुआ और वर्तमान में भारत में अनेक संस्थाएँ इससे जुड़ रही हैं। युवा विकास समिति का इस वैश्विक परिवार का हिस्सा बनना संस्था के लिए एक नई जिम्मेदारी और अवसर दोनों है।

बृहस्पति पाण्डेय ने कहा कि संस्था आने वाले समय में जल संरक्षण, तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, जल साक्षरता, विद्यालयों में वाटर क्लब के गठन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक जल प्रबंधन जैसे कार्यक्रमों को और व्यापक रूप से संचालित करेगी। साथ ही संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-6  स्वच्छ जल एवं स्वच्छता की प्राप्ति में भी सक्रिय योगदान देने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, भूजल स्तर में लगातार गिरावट और जल प्रदूषण जैसी चुनौतियों के बीच समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। ब्लू कम्युनिटी की सदस्यता संस्था के लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि जल संरक्षण के प्रति एक वैश्विक प्रतिबद्धता भी है।

इस अवसर पर संस्था के सभी स्टाफ सदस्यों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण एवं जल अधिकार के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि युवा विकास समिति को ब्लू कम्युनिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर वैश्विक सदस्य संस्था के सदस्य के रूप में स्थान दिया गया है। इससे संस्था को अंतरराष्ट्रीय जल संरक्षण नेटवर्क के साथ कार्य करने, अनुभव साझा करने तथा वैश्विक अभियानों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *