रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। प्रदेश सरकार के निर्देश पर संचालित स्कूल चलो अभियान-2026 के दूसरे चरण के अंतर्गत सोमवार को सीतापुर में भव्य जागरूकता रैली एवं नामांकन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से निकली रैली तरणताल होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज परिसर पहुंची। रैली में करीब 1200 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। मां सरस्वती की झांकी, स्कूली बैंड और जागरूकता संदेशों के साथ निकली रैली ने लोगों को अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने का संदेश दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ विधायक रामकृष्ण भार्गव, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत पर्यावरणीय पौधे, बुके और ओडीओपी उत्पाद भेंटकर किया गया।
कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय जमैयतपुर के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि विकासखंड महोली की ओर से नामांकन जागरूकता के लिए कठपुतली नाटक और प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर, खैराबाद के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतीकात्मक रूप से 10 नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग वितरित किए गए, जबकि कार्यक्रम में शामिल अन्य बच्चों को भी बैग प्रदान किए गए।
एमएलसी उमेश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने शिक्षकों से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पिछले वर्ष उत्कृष्ट नामांकन कार्य करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं जलपान वितरण के साथ हुआ।