बस्ती में 14 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, वर्धमान समेत कई कंपनियां करेंगी भर्ती।

Spread the love

बस्ती। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को राजकीय आईटीआई परिसर, बस्ती में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला पूर्वाह्न 10:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें आठवीं से 12वीं तक शिक्षित युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने बताया कि मेले में पंजाब की प्रतिष्ठित वर्धमान यार्न्स एंड थ्रेड्स लिमिटेड, लुधियाना मशीन ऑपरेटर तथा पैकिंग/चेकिंग पदों के लिए साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती करेगी। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच तथा शैक्षिक योग्यता न्यूनतम आठवीं से 12वीं पास निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 15,483 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई, वार्षिक बोनस, अवकाश, ग्रेच्युटी, ब्याजमुक्त ऋण, सामूहिक दुर्घटना बीमा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

रोजगार मेले में साइन एंड स्टैंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और लखनऊ में होम केयर एवं हॉस्पिटल से संबंधित पदों पर 13,500 से 18,500 रुपये मासिक वेतनमान पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय नियोजकों के रूप में एलआईसी एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस द्वारा बीमा सलाहकार पदों के लिए भी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, आधार कार्ड तथा बैंक खाते की जानकारी के साथ निःशुल्क रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *