‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत केडी विश्वविद्यालय में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।

Spread the love

मथुरा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन और मातृ सम्मान से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को केडी विश्वविद्यालय, केडी डेंटल कॉलेज, राजीव एकेडमी सहित आर.के. ग्रुप के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, डॉ. वी.पी. पांडेय, डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. अचल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।

प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधरोपण अभियान नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा।

कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर भी पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे जीवित रहकर विशाल वृक्ष बनें।

कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच पौधरोपण सबसे प्रभावी उपाय है। वहीं डॉ. वी.पी. पांडेय ने कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने, भूजल संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. मंजू पांडेय ने सभी प्रतिभागियों को लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल का संकल्प दिलाते हुए कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवन का आधार हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। प्राचार्या एनपी चानू ने कहा कि यदि हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो देश को हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
पौधरोपण अभियान प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया, पवन कुमार तथा अन्य सहयोगियों के प्रयासों से उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने तथा हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *