•वायरल वीडियो, सीसीटीवी और सर्विलांस से हुई पहचान, चार आरोपी अब भी फरार
गोरखपुर। ताल रिंग रोड पर कार सवार युवक-युवती को कार से खींचकर मारपीट करने और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। उन्होंने कहा, “साहब, हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई। अब कभी ऐसी हरकत नहीं करेंगे। किसी भी झगड़े में नहीं पड़ेंगे, एक बार माफ कर दीजिए।”
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महराजगंज निवासी अभिषेक मधेशिया और कुंदन मधेशिया के रूप में हुई है। कुंदन बाएं हाथ से दिव्यांग है। पुलिस ने दोनों को वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से सोमवार रात करीब नौ बजे गिरफ्तार किया। मामले में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी एक युवक शहर के एक होटल में नौकरी करता है। उसके साथ झारखंड की रहने वाली एक युवती भी उसी होटल में कार्यरत है। दोनों ड्यूटी खत्म होने के बाद 9 जुलाई की रात खाना खाने के बाद कार से नौका विहार और ताल रिंग रोड की ओर घूमने निकले थे।
इसी दौरान मोहद्दीपुर की ओर ताल रिंग रोड पर उनकी कार और एक बाइक की टक्कर होते-होते बची। इससे नाराज बाइक सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
पीड़ित के अनुसार, तीन बाइकों पर सवार करीब छह युवकों ने उनकी कार रोक ली और अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मोबाइल छीन लिया और कार के शीशे भी तोड़ दिए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया, जो 11 जुलाई की रात सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।