रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार 1 से 15 जुलाई 2026 तक “स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी है” थीम के साथ मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत इंडियनऑयल मथुरा रिफाइनरी में जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में अनुबंधित श्रमिकों के लिए एक विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर किया गया, जिसमें स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वच्छता जागरूकता संवाद में व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल की साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सतत जीवनशैली का आधार है।
इस अवसर पर अनुबंधित श्रमिकों को हाइजीन किट वितरित की गईं, जिससे वे व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति और अधिक जागरूक होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों। प्रतिभागियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑन-द-स्पॉट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ आदतों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम महाप्रबंधक (ईएमएस) श्री अभिनव गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मथुरा रिफाइनरी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अनुबंधित श्रमिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मथुरा रिफाइनरी स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ कर रही है।