बस्ती। जनपद बस्ती के होनहार छात्र करन गुप्ता ने अपनी प्रतिभा और उपलब्धि से न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। एम.डी. इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल, बैंकासाही, बस्ती के छात्र करन गुप्ता का जनपद के करीब 400 से अधिक विद्यालयों के छात्रों में से चयन हुआ था। चयन के बाद गुजरात के वडनगर में आयोजित ‘प्रेरणा’ कार्यक्रम में शामिल होकर करन ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
गुजरात में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर से चयनित विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से परिचित कराया गया। करन गुप्ता ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अपने अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम के पश्चात करन गुप्ता को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बधाई एवं शुभकामना पत्र प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए पत्र में करन को जीवन में अपने लक्ष्यों की ओर आत्मविश्वास, निरंतरता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया है।
प्रधानमंत्री के पत्र से करन गुप्ता और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए करन को बधाई दी है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर जिले के सैकड़ों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच चयनित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
करन गुप्ता की इस उपलब्धि से एम.डी. इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल, बैंकासाही का गौरव भी बढ़ा है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने करन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, अनुशासन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के पत्र में विद्यार्थियों को 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया गया है। करन गुप्ता के लिए प्रधानमंत्री का यह संदेश निश्चित रूप से उनके भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
करन गुप्ता की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र विशेष की मोहताज नहीं होती। यदि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा जाए तो छोटे से क्षेत्र का विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। करन की इस उपलब्धि को लेकर बस्ती जनपद में भी गर्व और उत्साह का माहौल है।


