के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जीआर एकेडमी, देवदाड़ खलीलाबाद में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक श्री आशुतोष त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य श्री दिलीप मणि त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया।





इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री दिलीप मणि त्रिपाठी ने कहा कि तकनीकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में भी शिक्षक का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि उसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन सही दिशा, संस्कार और इंसानियत की समझ एक शिक्षक ही दे सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों को केवल फूल और कार्ड देकर ही सम्मानित न करें, बल्कि अनुशासन, मेहनत, अच्छे व्यवहार और सफलता के माध्यम से उनका सम्मान करें।
विद्यालय के संरक्षक श्री आशुतोष त्रिपाठी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण एवं योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि तब होती है, जब उसका विद्यार्थी एक सफल एवं जिम्मेदार इंसान बनता है।
समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।


