रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा रिफाइनरी में 67वाँ इंडियनऑयल दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्कृष्टता, टीम भावना तथा इंडियनऑयल की निरंतर प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया गया। कार्यक्रम में मथुरा रिफाइनरी परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का नेतृत्व श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा रिफाइनरी ने किया।



समारोह का शुभारंभ प्रातः जिला चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर से हुआ। सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का परिचय देते हुए 100 से अधिक इंडियनऑयल कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इसके पश्चात टीम मथुरा रिफाइनरी ने कॉर्पोरेट कार्यालय एवं रिफ़ाइनरीज़ मुख्यालय से लाइव प्रसारित इंडियनऑयल दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की। मथुरा रिफाइनरी के कैंटीन क्षेत्र में इंडियनऑयल दिवस का मुख्य समारोह के दौरान केक काटकर इंडियनऑयल दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा रिफाइनरी ने सभी इंडियनऑयल कर्मियों को इंडियनऑयल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इंडियनऑयल दिवस को संगठन के प्रत्येक सदस्य के लिए गौरव का अवसर बताते हुए उन पूर्ववर्ती महानुभावों के दूरदर्शी योगदान को नमन किया, जिन्होंने इंडियनऑयल की मजबूत नींव रखी तथा संगठन को उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री अग्रवाल ने टीम मथुरा रिफाइनरी की क्षमताओं पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इंडियनऑयल के उच्च प्रबंधन द्वारा रिफाइनरी पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, वह अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने टीम मथुरा रिफाइनरी से आह्वान किया कि वह प्रबंधन द्वारा व्यक्त विश्वास एवं अपेक्षाओं को निरंतर सार्थक करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़े और इंडियनऑयल के विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान सुनिश्चित करे। भारतीय सैनिकों की अटूट कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने कर्मचारियों से “Always on Duty” (सदैव कर्तव्य पर तत्पर) की भावना को आत्मसात करने तथा उत्कृष्टता की दिशा में आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रयास करने के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।
इससे पूर्व आईओएमआरकेएस के अध्यक्ष तथा आईओओए, मथुरा रिफाइनरी के सचिव ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और इंडियनऑयल दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इंडियनऑयल की गौरवशाली विकास यात्रा में निरंतर योगदान देने तथा संगठन को वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में एक अग्रणी एवं प्रतिष्ठित कंपनी के रूप में स्थापित करने के सामूहिक संकल्प को दोहराया।
समारोह में जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें इंडियनऑयल परिवार के सदस्यों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं के लिए दीर्घ सेवा पुरस्कार (Long Service Award) प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट सुझावों एवं उपयोगी पहलों के लिए सुझाव योजना पुरस्कार (Suggestion Scheme Award) प्राप्तकर्ताओं तथा उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष प्रशंसा पुरस्कार (Special Appreciation Award) प्राप्तकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
मथुरा रिफाइनरी में आयोजित 67वें इंडियनऑयल दिवस समारोह ने संगठन की गौरवशाली विरासत, कर्मियों की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों की भावना को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। समारोह का समापन एक सशक्त, उत्कृष्ट एवं भविष्य के लिए तैयार इंडियनऑयल के निर्माण में निरंतर योगदान देने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।


