•सड़क-नाली निर्माण पूरा होने तक पंपिंग सेट से निकलेगा पानी।
मथुरा। नया बस स्टैंड के पीछे परिक्रमा मार्ग स्थित गुरु नानक नगर रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सख्ती दिखाई है।
बुधवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव का जायजा लिया और अधिकारियों को त्वरित निकासी के साथ स्थायी समाधान के निर्देश दिए। अंडरपास में जमा पानी निकालने के लिए सक्शन मशीन लगाकर काम शुरू करा दिया गया है।
निरीक्षण में सामने आया कि गुरु नानक नगर कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य प्रगति पर होने के कारण नालियों का पानी अंडरपास में जमा हो रहा है। नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को पंपिंग सेट लगाकर नियमित रूप से पानी निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने तक जल निकासी की व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए।
नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल को जल निकासी की नियमित निगरानी करने और भविष्य में जलभराव रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को भी कहा।
*चार वार्डों की जलापूर्ति परखने के लिए किया सीडब्ल्यूआर का निरीक्षण*
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बुधवार को वार्ड 47 के द्वारिकापुरी स्थित क्लियर वाटर रिजर्वायर (सीडब्ल्यूआर) का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था परखी। उन्होंने अधिकारियों से मोटरों की क्षमता, जलापूर्ति की प्रक्रिया और निर्धारित समय की जानकारी ली।
महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने बताया कि सीडब्ल्यूआर से वार्ड 54, 47, 44 और 37 में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक जलापूर्ति की जाती है। नगर आयुक्त ने इन क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली।
साथ ही रोडवेज वर्कशॉप के पास रेलवे लाइन चौड़ीकरण के दौरान अवरुद्ध हुए नाले की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व निर्मित नाले की सफाई और जरूरत के अनुसार ह्यूम पाइप डालने के निर्देश दिए। परिक्रमा मार्ग स्थित अंडरपास के पास नाले की सफाई कराने को भी कहा।


