रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। नगर पालिका परिषद मिश्रिख-नैमिषारण्य के मोहल्ला चंद्रपुर स्थित वार्ड नंबर 21 में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। मोहल्ले की सड़क पर पानी बहने की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों के विपरीत बताते हुए नगर पालिका प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।
मौके पर कवरेज के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मी सुरेश नियमित रूप से प्रभावी सफाई नहीं करते और केवल औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर मोहल्ले में सफाई व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
स्थानीय निवासी सुभाष यादव, पुनीत त्रिपाठी, कीर्ति मिश्रा, अटल शुक्ला, पीयूष मिश्रा, सकेत मिश्रा, शांति स्वरूप यादव और कृष्णा मिश्रा सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि जनता से संपर्क करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद स्थानीय समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क पर बह रहे पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सीमा भार्गव के नेतृत्व में प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और स्थानीय लोगों को कब तक राहत मिलती है।


