•कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने किया रामलीला का उद्घाटन।
मथुरा। श्री सदर बाजार रामलीला कमेटी के तत्वावधान में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। रामलीला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने धनुष पर तीर चढ़ाकर किया। इस दौरान मेघनाथ वध, अहिरावण वध, रावण वध और भगवान श्रीराम के माता सीता से पुनर्मिलन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया।
लीला मंचन के दौरान मेघनाथ और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध हुआ, जिसमें लक्ष्मण ने मेघनाथ का वध किया। पुत्र की मृत्यु से दुखी रावण ने पाताल लोक के राजा अहिरावण की सहायता ली। अहिरावण ने विभीषण का वेश धारण कर छलपूर्वक भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का अपहरण कर लिया और उन्हें पाताल लोक ले गया।
प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण के गायब होने पर हनुमान जी ने उनकी खोज शुरू की। विभीषण से जानकारी मिलने के बाद हनुमान जी पाताल लोक पहुंचे और अहिरावण का वध कर दोनों भाइयों को मुक्त कराया। इसके बाद रावण क्रोध में रामदल पर टूट पड़ा। भगवान श्रीराम और रावण के बीच घमासान युद्ध हुआ। रावण के बार-बार सिर कटने के बाद भी जीवित रहने पर विभीषण ने श्रीराम को उसकी नाभि में अमृत होने का रहस्य बताया। इसके बाद श्रीराम ने अपने बाण से रावण की नाभि में स्थित अमृत को सुखा दिया, जिससे रावण का अंत हुआ।
रावण वध के प्रसंग में धर्म, नीति और ज्ञान का संदेश भी दिया गया। लीला के अनुसार, रावण ने अंतिम समय में लक्ष्मण को उपदेश देते हुए कहा कि मनुष्य को अहंकार, क्रोध, बैर और लालच से दूर रहना चाहिए तथा नीति और ज्ञान के अनुसार शासन करना चाहिए। इस प्रकार रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष अलका उपमन्यु एडवोकेट, पूर्व पार्षद रवि यादव, केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष भोला यादव, पार्षद विष्णु सैनी, भोले यादव, अनिल अग्रवाल, नरेंद्र भारद्वाज, बांकेलाल शर्मा, विनोद यादव, नवनीत सरन सक्सेना, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम लोधी, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि मनोज फौजदार, रविंद्र भारद्वाज, गुंजन खत्री, राजवीर चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह, डॉ. एसपीएस चौहान, दीपक यादव, हरेश शर्मा, दीपक शर्मा, मोहन मीणा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, सचिव मनोज शर्मा और विप्र नेता गौरव शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


