नेशनल एंटी करप्शन सोल्जर ट्रस्ट ने स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया शिक्षकों का सम्मान
नजीबाबाद। ग्राम गढ़वाला स्थित कुंदन सिंह मेमोरियल स्कूल में गुरुवार को नेशनल एंटी करप्शन सोल्जर ट्रस्ट (रजि.) की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए प्रधानाचार्य कार्मेंद्र सिंह को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर ‘शिक्षक रत्न सम्मान’ प्रदान किया।
इसके अलावा शिक्षण कार्य में निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाने के लिए शिक्षिका पूनम शर्मा, निधि चौहान, अनू गुप्ता, अलका शुक्ला और शिक्षक उमेश कुमार, मोहम्मद आमिर अंसारी सहित अन्य शिक्षकों को ‘शिक्षक विभूति सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक शिल्पकार हैं। वे विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सम्मानित प्रधानाचार्य कार्मेंद्र सिंह और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नई प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ कश्यप, अभिनव अग्रवाल एडवोकेट, आदित्य अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


