फरह के माल गांव में 7-8 एकड़ में हो रहा निर्माण, प्री-प्राइमरी से 12वीं तक एक परिसर में होगी पढ़ाई
मथुरा। फरह ब्लॉक के माल गांव में 28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। करीब सात से आठ एकड़ में बनने वाले इस विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने निर्माणाधीन विद्यालय का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता परखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों और ठेकेदार को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने भवन के कॉलम, बीम, नींव, ईंटों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा।
एक ही परिसर में होगी 12वीं तक की पढ़ाई
बीएसए रतन कीर्ति ने बताया कि विद्यालय शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की शिक्षा एक ही परिसर में मिल सकेगी। इससे बच्चों को प्राथमिक के बाद जूनियर और फिर हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए अलग-अलग विद्यालयों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पढ़ाई में निरंतरता बनी रहने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और ड्रॉपआउट कम करने में भी मदद मिल सकती है।
पार्क, लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास की सुविधा
विद्यालय परिसर में पार्क, खेल मैदान, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बीएसए ने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों का जोर विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने पर है। निर्माण पूरा होने के बाद फरह क्षेत्र सहित जिले के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।


